“सीमाओं में कैद आज़ादी”

Vishal
2 min read·Jun 12, 2026
💬 0

हम सब आज़ादी चाहते हैं…
पर जैसे ही उसे पाने का भ्रम होता है,
हम उसके चारों ओर एक सीमा खींच देते हैं।
हम कहते हैं — “मेरा घर।”
चार दीवारें खड़ी कर देते हैं और कहते हैं - “अब मैं सुरक्षित हूँ, अब मैं मुक्त हूँ।”
लेकिन क्या ये दीवारें हमें आज़ाद करती हैं,
या सिर्फ़ कैद को सुंदर नाम देती हैं?
यही खेल बड़े स्तर पर भी होता है -
देश की सीमाएँ, पासपोर्ट, वीज़ा,
और फिर उसी बाड़ के भीतर का जीवन…
हम कहते हैं -- “हम आज़ाद हैं।”
पर सोचो… अगर आज़ादी भी दीवारों के भीतर है,
तो ये आज़ादी नहीं,
बस एक आरामदायक जेल है।
और इस जेल की सबसे मीठी दवा -
देशभक्ति।
जब तक यह इंसानियत और विवेक के साथ है, यह प्रेरणा है।
लेकिन जैसे ही यह आँखों पर पट्टी बाँध देती है,
ये मीठा ज़हर बन जाती है -
हाँ ये देशभक्ति एक जहर है ,
जो हमें इंसान से पहले ‘देश का नागरिक’ बना देती है,
और इंसानियत से पहले ‘अपना-पराया’ सिखा देती है।
फिर हम एक झंडे के लिए लड़ते हैं,
लेकिन उसी झंडे के नीचे सोते भूखों के लिए नहीं।
हम सीमाओं की रक्षा करते हैं,
पर अपने भीतर की संकीर्णता को कभी नहीं तोड़ते।
और यह संकीर्णता सिर्फ़ इंसानों तक सीमित नहीं रहती।
हम भूल जाते हैं कि हर पशु, हर पक्षी, हर पेड़, हर कीट
भी उसी सृष्टि का हिस्सा है जैसे हम।
अगर हमारी आज़ादी में उनका भय, उनका शोषण, उनकी पीड़ा शामिल है,
तो यह आज़ादी नहीं - यह अन्याय का विस्तार है।
क्योंकि यह स्वतंत्रता किसकी है- सिर्फ एक प्रजाति(Humans) की या प्रकृति के सब जीवों की?
जिस दिन हम अपनी करुणा को इंसान से आगे बढ़ाकर
हर जीव तक पहुँचा देंगे,
उस दिन पहली बार “स्वतंत्रता” का अर्थ सही में समझेंगे।
अध्यात्म कहता है —
सच्ची आज़ादी का कोई नक्शा नहीं होता।
उसका कोई राष्ट्रगान नहीं, कोई झंडा नहीं,
कोई “अपना” और “पराया” नहीं।
वो सिर्फ़ एक अवस्था है --
जहाँ सीमाएँ मिट जाती हैं,
और चेतना असीम हो जाती है।
तो आज,
झंडा सलामी से पहले,
अपने भीतर झाँको…
क्या तुम्हारी आत्मा सच में मुक्त है?
या फिर तुम बस एक और कैदी हो,
जो अपनी कैद को “देश” कहकर गर्व महसूस करता है।
💬 0

Written by Vishal
Swayam Yatri (स्वयं यात्री) | Content writer ✍️ | Traveler (पथिक) 🏔️


